Thursday, June 26, 2025

अधूरे गीत

जाने कितने गीत लिखे,

नग़मे गाए जाने कितने —

हर एक में तुम थी,

हर एक में एक सपना था।


मैंने स्वर में सहेजा तुम्हें,

लफ़्ज़ों में छिपा लिया,

हर तान में रखा तुम्हारा नाम

जैसे कोई माला फेरता हो रोज़।


पर तुम...

न लौटे कभी।

न आवाज़ दी,

न किसी गीत का उत्तर आया।


गीत पूरे हुए

पर अर्थ अधूरे रह गए।

स्वप्न देखे

पर सुबह ने उन्हें छूने से इनकार कर दिया।


अब गीत हैं,

पर गायक चुप है।

अब स्वप्न हैं,

पर आँखें भीग जाती हैं।


जाने कितनी रातें जल गईं

इन रागों के दीप में,

पर तुम…

एक छाया बनकर भी न आई।


ना तुम वापस आए,

ना पूरे हो पाए सपने।

बस रह गए

काग़ज़ों पर कुछ नाम,

गले में अटका एक स्वर,

और दिल के कोने में

तुम।

तुम्हारे जाने से

टूट गया मन का एक तारा

प्रिये, तुम्हारे जाने से।

जैसे किसी रात ने

अपने ही चाँद को खो दिया हो।


मैं अब भी गाता हूँ —

वही राग, वही धुनें,

पर हर स्वर के पीछे

तुम्हारी चुप्पी बैठी होती है।


गीत वही हैं,

जो तुमने सिखाए थे

मुस्कराकर, आँखों से —

पर अब

वे सिर्फ़ शब्द रह गए हैं

जिन्हें गा तो सकता हूँ

पर जी नहीं सकता।


तुम्हारे जाने के बाद

संगीत अधूरा नहीं हुआ —

बस

मेरा दिल

उसे पूरा मानने से इंकार करता है।


अब हर गाना

एक ख़ामोश चीख़ है,

हर तान

एक टूटा हुआ स्पर्श।


तुम थी तो सुर था,

अब सुर है —

पर तुम नहीं।

तेरे जाने के बाद

 लगता नहीं

कि तू कहीं गई है।

दरवाज़ा अब भी

तेरी आहट से चौंकता है।

खिड़की पर धूप

वैसे ही बैठी रहती है

जैसे तुझे देखने आई हो।


चाय का प्याला

अब भी दो रखा जाता है,

एक पी लेती है तन्हाई,

एक रह जाता है —

तेरे हिस्से की चुप्पी बनकर।


घड़ी चलती है,

दिन बदलते हैं,

पर ज़िंदगी...

जहाँ थी

वहीं है।


तेरे जाने के बाद

सब कुछ थम तो नहीं गया,

पर

कुछ भी चल नहीं रहा।

Monday, June 23, 2025

तुम कविता की आत्मा हो

यद्यपि तुम जा चुकी हो इस दुनिया से,
फिर भी हर शब्द तुम्हारा एहसास कराता है।
तुम्हारी हँसी, तुम्हारा मौन,
हर पंक्ति में सजीव हो उठता है।

जब पढ़ता हूँ किसी कवियत्री की कविता,
हर शब्द में तुम्हारा नाम झलकता है।
पीड़ा की व्यथा जब बहती है पंक्तियों में,
तुम्हारी आँखों की नमी उसमें चमकती है।

तुम मुस्कुराती हो अब भी,
कविता की लय में, 
उसकी छाया में।
तुम्हारी आत्मा अब बसती है
शब्दों के उस कोमल घर में 
कविता में।

तुम कहीं गई नहीं हो,
तुम्हारी सांसें अब मेरे छंदों में हैं।
जब मैं चुपचाप कोई गीत लिखता हूँ,
तुम्हारी स्याही मेरी कलम में बहती है।

तुम बात करती हो अब भी 
फूलों की, पंछियों की, सपनों की।
ऋतुओं की रुनझुन में तुम बोल उठती हो,
और स्त्रियों की पुकार में गरज बन जाती हो।

तुम हक की आवाज़ बन गई हो,
जो हर बेड़ी को तोड़ने चली है।
तुम नारी की चेतना बन गई हो,
जो हर आँसू को कविता में ढालती है।

तुम कविता नहीं, 
कविता की आत्मा हो।
तुम सृजन नहीं, 
सृजन का कारण हो।
अब तुम सिर्फ स्मृति नहीं,
अब तुम शाश्वत हो —
हर उस कविता में जो सच बोलती है,
जो प्रेम की तरह जीती है,
और तुम्हारे नाम पर समाप्त होती है।

तुम हो कविता में अब भी,
तुम हो धड़कन की भाषा।
तुम हो अंत नहीं,
तुम हो अमर अभिलाषा।

Saturday, June 21, 2025

जीविता

अभी तो मैंने जन्म लिया था
अभी से इतनी पीड़ा
अभी तो ठीक से रोई भी नही
माँ को देखा नही
माँ के आँचल में सोई भी नही
न अठखेली, न किलकारी
न चिहुंकी,न ही कोई क्रीड़ा
अभी से इतनी पीड़ा।

तन गौर से श्वेत 
फिर श्वेत से नीला होता हुआ
तोड़ रहा है मेरे अपनों की उम्मीद
यंत्रो में जकड़ रखा है
चुभोई हैं सुईंया नसों में
ताकि बचा सके मुझे
पर किससे ?
क्या वो जिसे मृत्य कहते है
वो मुझे ले जाना चाहती है
पर क्यों ! किसलिए ?
मैं नवजात भला किस काम आऊँगी
अभी तो मैंने देखा ही नही
जीवन का विस्तार
अनोखा जगत
सृष्टि का व्यवहार।
ठहरो
हे मृत्यु ! नही ले जा सकती
तुम मुझे
मेरी माँ का विश्वास 
और पिता की उम्मीद 
तुम्हारी राह में तनकर खड़ा है
अभी तुम्हारा वक़्त नही है
तुम्हारे संकल्प से मेरा हौसला बड़ा है।
कतरा कतरा प्राण समेट
पीड़ा का हलाहल पी चुकी हूँ
मैं तुझे हराकर जी उठी हूँ।
क्या कहा ! आखिर कौन हूँ मैं ?
पिता की संजीवित,
सुचित, अपराजित गर्विता
मैं हूँ अपनी माँ की जीविता
हाँ ! मैं हूँ अपनी माँ की जीविता।

             -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

Thursday, June 19, 2025

यही मेरी ताकत है

कहने को बहुत कुछ है ! 
पर कैसे कहूं ? 
पता नही तुम समझ पाओगे या नही, 
जो मैं महसूस करती हूँ । 
दूरियों का एहसास मुझे डराता है, 
धमकाता है 
और तोड़ने का प्रयास करता है, 
पर मुझे मंजूर नही है,
 यूँ टूट जाना 
और टूटकर बिखर जाना । 
जानती हूँ 
अभी तुम्हारे पास वक़्त नही है, 
पर तुम्हारी आँखों में देखा है, 
मैंने मेरी फिक्र, 
जो तुम करते हो हर वक़्त 
पर कहते नही कभी 
मुझसे न किसी और से। 
वक़्त से मुझे कुछ मिले ना मिले, 
पर मैंने खुद को पा लिया है, 
तुममें । 
यही मेरी प्रेरणा है, 
यही मेरी ताकत है ।

        -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

मैं चुपके से तुझे अपना बना के रखती हूँ

 छुपा के ग़म मैं खुद को यूँ सजा के रखती हूँ  बस इस तरह से तुझसे दिल लगा के रखती हूँ तुझे न छू सके ये अश्क, ये दुनिया की रुस्वाई  तभी तो खुद ...