Thursday, July 13, 2023

पीड़ाएं

मैंने लिखी अपनी पीड़ा
तो कुछ पीड़ाओं ने पढ़ा।

पढ़कर वे इकट्ठा हुईं
शहर के बीचों बीच
कंपनी बाग के
सबसे पुराने
वृक्ष की छांव के नीचे।
एक दूसरे से लिपट कर
वे रोईं
हाँ वे सब रोईं
बहुत रोईं
इतना रोईं कि
आकाश में उभर आये
काले बादल और
आकाश भी रो पड़ा
उनसे लिपट।

बारिश हुई
तो भीगते
चहकते
नजर आये
कुछ बच्चे
कुछ युवा
और कुछ बूढ़े।
मौसम में घुल गई
मिट्टी की सोंधी महक
धूल गई चेहरों पर छाई
मलिनता।

लिखने से कम नही होती है

लिखने से
कम नही होती है
मेरी पीड़ा
फिर भी लिखती हूँ
शब्दों में बांध कर रख देती हूँ
पन्नों के बीच हिफाजत से।

नहीं पाओगे अब मुझे

 मैंने कहा 

तुमने नही सुना 

मैंने लिखा 

तुमने नही पढ़ा 

मैंने फिर कहा

तुमने फिर सुना नही

मैंने फिर लिखा 

तुमने फिर पढ़ा नही

मैं रोई 

हाँ मै बहुत रोई 

तुम जा रहे थे 

मेरे अश्रु तुम्हें रोक ना सके 

अश्रुधार के पीछे

छिपी अपार पीड़ा

आँखों में बिलखते प्रेम को 

तुम देख ना सके

तुम चले गए 

और कुछ दिनों बाद 

मैं भी चली गई । 


एक दिन 

तुम लौट आए

हाँ आखिर जब तुम लौट आए 

मैंने देखा तुम्हें 

बेहद बदहवास और

बिखरे हुए थे। 

ढ़ूंढ़ रहे थे मुझे 

मेरी हर एक निशानी में 

पर 

अब मैं बाकी नही थी 

तुम्हारी किसी कहानी में 

तुम मुझे न सुन सकते हो 

न देख सकते हो अब । 

मै सीमा 

तुम्हारी सीमाओं से परे 

अब भी 

सुन सकती हूँ तुम्हें 

देख सकती हूँ तुम्हें । 


आत्म ग्लानि में डूबे

मेरी तस्वीर को निहारते 

क्यों ढ़ूंढ़ रहे हो 

उन सवालों के जवाब 

जिनका उत्तर मैं हूँ। 

प्यारे भईया !

सुनो मेरी 

छोड़ दो 

अपनी जिद

लाख कोशिश करो 

नही पाओगे 

अब मुझे दोबारा। 


 

  


 

Friday, May 1, 2020

याद है मुझको खोना तेरा

मुझसे लिपटकर रोना तेरा
याद है मुझको खोना तेरा।
अश्रुमयी तुम द्वार खड़ी तुम
मुझको जाते टोक सकी ना।
क्षण निष्ठुर निर्मोही कैसा
हाय मुझे क्यों रोक सकी ना।
बेसुध होकर सोना तेरा
याद है मुझको खोना तेरा।
एक समय था तेरे बिन
न दिन कटते न रात गुजरती
खुशियों की रौनक होती
जब जब तेरी मुस्कान उभरती।
खाली घर का कोना तेरा
याद है मुझको खोना तेरा।
कैसी विवशता कैसी उलझन
मैं क्यों कुछ भी समझ न पाया।
नियति ने ऐसा खेल रचाया
मन को पागल कर भरमाया।
निराश्रय हो रोना तेरा
याद है मुझको खोना तेरा।

लम्हे

वक़्त की क़ैद से
छूटे लम्हे,
बैठ तू साथ मेरे
दिल से कहते लम्हे।
है उम्र भर की थकन
आके छू ले मेरा मन
थाम ले हाथ मेरा
मुझसे कहते लम्हे
लफ्जों का दौर न हो
सिर्फ खामोशी हो
दिल ही दिल बात करें
यूँ महकते लम्हे
तू बयां दर्द करे
मेरी आँखें छलके
हो मुलाकात ये ऐसी
कि सिसकते लम्हे।
गिला मुझको नही है
यूँ तेरे जाने का
कुछ अधूरा ही रहा
आहें भरते लम्हे।
मेरी सांसो की कसम
तुमको आना होगा
साथ जन्मों का है,
कहे बदलते लम्हे।

मैं तुम्हारी कहानी का किरदार हूँ

मेरी कोई कहानी नही
मैं तुम्हारी कहानी का किरदार हूँ।
तुम चलो जिस डगर वो ही मेरी डगर
मुश्किलों के दौर में वफ़ादार हूँ।
चोट तुमको लगी टूट मैं भी गया
दर्द को दर्द का इल्म हो ही गया।
मेरे ग़म का कोई आसरा ही नही
संग ग़म में तेरे सिलसिलेवार हूँ।
खुद से ज्यादा भरोसा जो तुमने किया
उस भरोसे की बुनियाद हिल सी गई।
देखता ही रहा कुछ कर न सका
सच कहूं मैं तुम्हारा गुनाहगार हूँ।
छोड़ कर तुम अधूरी कहानी चले
आग हर पल मेरे हृदय में जले।
पार होगा ये दरिया भला किस तरह
नाव तुम हो मैं केवल पतवार हूँ।
तुमने छोड़ा जहां मुझसे कुछ न कहा
जो भी कहना था वो दिल मे ही रहा
शब्दों में ढूढ़ता फिर रहा दर बदर
पथ से भटका हुआ मैं कलमकार हूँ।

हथेलियों की छाप

वह बहुत खुश थी आज
और मैं उससे भी अधिक खुश था
उसे खुश देख।
वह मेरी हथेलियों के साथ
अपनी हथेलियों की छाप
लेना चाहती थी
आंगन की दीवार पर।
सहेज कर रखना चाहती थी
हमारे प्रेम की एक अनूठी निशानी
हमारे जाने के बाद भी।
उसकी मासूमियत में डूबा
मैं इनकार नही कर पाया।
गहरे गुलाबी रंग में डूबी
हमारी हथेलियों की छाप
आंगन की दीवार पर ली गई।
एकदम सटीक चमकदार
बिल्कुल उसके व्यक्तित्व की तरह
उसकी हथेली की छाप
स्पष्ट नजर आ रही थी।
और अपनी छाप को देखते हुए
मेरी हथेलियां और मेरी जुबां
लड़खड़ा रही थी
नही जान पाया मैं
उस लड़खड़ाहट की वजह
उस वक़्त।
आज जबकि वह नही है।
मेरी पलके अश्रु में डूबी
आंगन की दीवार पर
अपनी हथेलियों की छाप पर
हथेलियों को रखती,
उसकी हथेलियों की छाप को
निहारती है।
उसकी हथेलियों की छाप
आज भी उतनी ही स्पष्ट और
चमकदार है।
मानो कहना चाहती हो
कि तुम्हारी हथेलियां
केवल रंग में डूबी थी
जबकि मैने रंग और प्रेम
दोनों में डुबाया था।
हकीकत यही थी कि
तुममे खोकर मैंने
खुद को पाया था।

पीड़ा तू आनंद हो गई

खुशियों के बक्से से सारे रत्न-जवाहर लूट गए, मुस्कानों के मोती नयन से झर-झर करके छूट गए। सुख के पौधे रोपे जब और आँखों का नीर दिया, भँवरे रूठे...